अफगानिस्तान में गंभीर हालातों के बीच मजार-ए-शरीफ से डिप्लोमैट और कर्मचारियों को वापस बुलाएगा भारत

Summary :

अफगानिस्तान में तालिबान के बढ़ते आतंक को देखते हुए भारत ने मज़ार-ए-शरीफ स्थित वाणिज्य दूतावास से भी अपने राजनयिकों, कर्मचारियों और भारतीय नागरिकों को वापस वतन बुलाने का फैसला किया है।

अफगानिस्तान में गंभीर होते हालातों के बीच भारत सरकार ने अहम फैसला लिया है। तालिबान के बढ़ते आतंक को देखते हुए भारत ने अफगानिस्तान के मज़ार-ए-शरीफ स्थित वाणिज्य दूतावास से भी अपने राजनयिकों, कर्मचारियों और भारतीय नागरिकों को वापस वतन बुलाने का फैसला किया है।
मजार-ए-शरीफ में भारत के वाणिज्य दूतावास ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मंगलवार शाम को मजार-ए-शरीफ से एक स्पेशल फ्लाइट नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। जो भी भारतीय आसपास हैं, वह शाम की फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएं।


जानकारी में दो नंबर भी जारी किए गए हैं, 0785891303, 0785891301 और कहा गया है कि जिस भी भारतीय को नई दिल्ली रवाना होना है, वह तुरंत अपना पूरा नाम, पासपोर्ट नंबर और अन्य जानकारी व्हाट्सएप पर भेज दे। अफगानिस्तान में दिन-ब-दिन हालात खराब होते चले जा रहे हैं।

बता दें कि अमेरिका के 31 अगस्त तक अफगानिस्तान से अपने सैनिकों की वापसी की घोषणा करने के बाद से वहां हिंसा बढ़ गई है और अफगानिस्तान सरकार तथा तालिबान के बीच शांति समझौता करने के प्रयास धीमे हो गए हैं। अफगान सुरक्षा बलों और सरकार के सैनिकों ने अमेरिका की मदद से जवाबी कार्रवाई के रूप में हवाई हमले किए हैं।

Desk Team