अमेरिका: पत्रकार के सवाल से भड़के राष्ट्रपति बाइडन, किया अभद्र भाषा का इस्तेमाल

Summary :

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन पत्रकार से अपशब्द कहने पर घिर गए हैं। सोमवार को महंगाई के मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में जो बाइडेन ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं में शुमार अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन एक बार फिर विवादों में घिर गए है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन पत्रकार से अपशब्द कहने पर घिर गए हैं। सोमवार को महंगाई के मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में जो बाइडेन ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। 
एक संवाददाता द्वारा महंगाई के मुद्दे पर सवाल किया गया था। इसके जवाब में उन्होंने उसे गाली दे डाली। बाइडेन प्रतिस्पर्धा परिषद की बैठक के लिए वाइट हाउस के पूर्वी कक्ष में थे। यह बैठक महंगाई से निपटने में मदद के लिए नियमों को बदलने और कानूनों को लागू करने पर केंद्रित थी। बैठक के बाद कमरे में मौजूद पत्रकारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति से कई सवाल किए।  
अमेरिका में मुद्रास्फीति 40 साल के उच्चतम स्तर पर है 

इस बीच एक संवाददाता पीटर डूसी ने बाइडन से पूछा कि क्या मुद्रास्फीति से राष्ट्रपति की लोकप्रियता को नुकसान पहुंचा है। अमेरिका में मुद्रास्फीति 40 साल के उच्चतम स्तर पर है। इस पर बाइडेन ने व्यंग्य के लहजे में जवाब दिया, ‘यह एक बड़ी संपत्ति है… अधिक मुद्रास्फीति।’ इसके बाद उन्होंने धीमे से कहा, ‘कैसा बेवकूफ कुत्ते का पिल्ला है।’ 
माइक्रोफोन में रिकॉर्ड हो गए जो बाइडेन के अपशब्द  
उनकी यह बात उनके सामने लगे माइक्रोफोन में रिकॉर्ड हो गई। तो वहीं, वाइट हाउस ने इस घटनाक्रम पर टिप्पणी के अनुरोध का फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है। लेकिन जो बाइडेन अपनी इस टिप्पणी को लेकर बुरी तरह घिर गए हैं और मीडिया में उनके रवैये पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कई मीडियाकर्मियों ने उनके रुख की तुलना पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की है। 
बाइडेन के साथ इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अकसर वाइट हाउस के अधिकारी या तो उनकी टिप्पणी के बारे में समझाने या उसका खंडन करने के लिए आगे आते हैं। लेकिन इस बार ना सिर्फ ऐसा कुछ भी नहीं हुआ बल्कि कार्यक्रम के बाद वाइट हाउस ने जो लिखित प्रतिलिपि जारी की उसमें गाली समेत बाइडेन की पूरी टिप्पणी मौजूद है। 
राष्ट्रपति बाइडन के अपशब्द हुए इतिहास में दर्ज  
इसका मतलब एक अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा पत्रकार को दी गई गाली अब इतिहास के लिए वाइट हाउस के आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज हो चुकी है। न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार की वाइट हाउस संवाददाता केटी रोजर्स ने प्रतलिपि के इस अंश की एक तस्वीर ट्वीट की। अमेरिका में महंगाई इस समय चालीस सालों में सबसे ऊंचे स्थान पर है और इस वजह से बाइडेन की अप्रूवल रेटिंग को नुकसान पहुंचा है। डूसी का नेटवर्क बाइडेन की लगातार आलोचना करता आया है।

Desk Team