अमेरिका में ‘हिंसा की आशंका’ के मद्देनजर सोशल मीडिया मंच यूट्यूब ने अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चैनल पर सात दिनों के लिए अस्थायी रोक लगा दी है और तब तक चैनल पर कोई नया वीडियो अपलोड नहीं किया जा सकता। इससे पहले ट्विटर और फेसबुक ट्रंप के अकाउंट को स्थायी रूप से बंद कर चुके हैं, जिसके बाद अब यूट्यूब ने यह कदम उठाया है। यूट्यूब ने एक बयान में कहा, ‘‘ सावधानीपूर्वक समीक्षा करने के बाद और हिंसा की आशंका को देखते हुए हमने डोनाल्ड जे. ट्रंप चैनल पर अपलोड किए नए वीडियो हटा दिए हैं और हिंसा भड़काने के खिलाफ हमारी नीतियों के उल्लंघन को लेकर ‘स्ट्राइक’ (नोटिस) जारी की है।’’
सोशल मीडिया कंपनी ने कहा, ‘‘लंबे समय से चली आ रही नीतियों के तहत चैनल पर अब कम से कम सात दिनों के लिए नए वीडियो अपलोड नहीं किए जा सकेंगे, इसे बढ़ाया भी जा सकता है और न ही ‘लाइवस्ट्रीम’ की सुविधा उपलब्ध होगी।’’ यूट्यूब ने कहा, ‘‘हम लोग चैनल पर मौजूद वीडियो पर कमेंट करने के विकल्प को भी अनिश्चित काल के लिए हटाने जा रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से इस तरह के मामलों में हमने पहले भी ऐसे कदम उठाए हैं।’’ ट्रंप के यूट्यूब चैनल पर 26.8 लाख ‘सब्सक्राइबर’ हैं। यूएस कैपिटल (अमेरिकी संसद) में छह जनवरी को ट्रंप समर्थकों द्वारा की गई हिंसा के बाद यूट्यूब ने राष्ट्रपति की रैली से संबंधित कई वीडियो भी हटा दिए थे।


Download Android App
Download iOS App



