ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने मंगलवार को एक बार फिर कहा कि उनका देश किसी देश से युद्ध नहीं चाहता। उन्होंने हालांकि जोर देकर कहा कि अपने खिलाफ होने वाले वाली किसी भी युद्ध में अंत में ईरान ही जीतेगा।
इमाम खोमैनी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए रूहानी ने कहा, “हम किसी देश के साथ युद्ध नहीं छेड़ेंगे, जो हमारे सामने हैं वे कम अनुभव वाले राजनीतिज्ञों का एक समूह है।”
एक रिपोर्ट के अनुसार, रूहानी का यह बयान अमेरिकी रक्षा सचिव पैट्रिक शैनाहन द्वारा मध्य पूर्व में 1,000 और सैनिकों को तैनात करने की घोषणा के अगले दिन आया है। ओमान की खाड़ी में 13 जून को तेल के दो टैंकरों पर हमले के एक सप्ताह के अंदर ही शैनाहन ने यह घोषणा की।
अमेरिका ने हमलों के लिए ईरान पर आरोप लगाया, हालांकि ईरान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। शैनाहन के जवाब में रूहानी ने कहा कि तेहरान एक से अधिक बार कहा है कि वह अमेरिका के साथ सैन्य टकराव नहीं चाहता लेकिन क्षेत्र में अपने हितों की रक्षा के लिए तैयार है। ईरान के राष्ट्रपति ने कहा, “क्षेत्र में अमेरिका की सभी कोशिशों, दुनियाभर से हमारे समझौते तोड़ने की उसकी मंशा और दुनियाभर में ईरान को अलग करने की इच्छा के बावजूद वे असफल रहे हैं।”


Download Android App
Download iOS App



