काठमांडू, 27 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल में रविवार सुबह हुए हिमलुंग हिमाल पर्वत चोटी पर हुए हिमस्खलन में पर्वतारोही अभियान दल के दस सदस्य लापता हो गए। नेपाल के मनांग जिले के नार फू इलाके में 7,126 मीटर ऊंची पर्वत चोटी पर हिमलुंग हिमाल बेस कैंप पर यह हिमस्खलन हुआ। इनकी तलाश में अभियान जारी है।
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, हिमलुंग हिमाल बेस कैंप में रविवार सुबह हिमस्खलन हुआ। घटना के बाद पर्वतारोहियों और उनकी मदद करने वाले स्टाफ समेत दस लोग लापता हैं। एक्सपीडिशन ऑपरेटर्स एसोसिएशन नेपाल के महासचिव ऋषि भंडारी ने घटना की पुष्टि की।
रिपोर्ट के अनुसार, भंडारी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के कारण हुई भारी बर्फबारी की वजह से ज्यादातर टीमें नीचे लौट गईं थीं। मौसम एजेंसियों की ओर से भारी बारिश, बर्फबारी और हिमस्खलन के बढ़ते खतरे की चेतावनी के बाद ज्यादातर पर्वतारोही और सहयोगी कर्मचारी कम ऊंचाई वाले इलाकों में चले गए थे। रविवार तड़के जब यह हादसा हुआ, तब कुछ लोग बेस कैंप पर ही मौजूद थे।
काठमांडू पोस्ट के अनुसार, जिन दस लोगों का पता नहीं चल रहा है, उनमें से दो लोग इमैजिन नेपाल प्राइवेट लिमिटेड और आठ हिमालयन हॉलिडेज नेपाल से जुड़े हैं। नेपाल के पर्यटन विभाग के महानिदेशक राम कृष्ण लामिछाने ने बताया कि नेपाल के पहाड़ी जिलों में लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। विभाग की टीम लापता लोगों की लगातार तलाश कर रही है।
घटना के बाद अधिकारियों ने तत्काल यात्रा चेतावनी जारी की है और प्रमुख हिमालयी मार्गों पर सभी पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को सलाह दी है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक वे अपना अभियान रोक दें।
–आईएएनएस
एवाई/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



