अमेरिका में पिछले साल हुए राष्ट्रपति चुनाव में हस्तक्षेप के सिलसिले में 10 रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के साथ सामरिक स्थिरता वार्ता का प्रस्ताव पेश किया है। दोनों देशों के अधिकारियों ने आगामी दिनों में शिखर सम्मेलन की संभावना पर चर्चा की थी।
अमेरिका ने पिछले साल के राष्ट्रपति चुनाव में दखल देने और संघीय एजेंसियों में हैकिंग के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराते हुए गुरुवार को 10 रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने और कई कंपनियों तथा संस्थानों समेत 30 से अधिक लोगों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।
प्रतिबंध लगाए जाने से संबंधित शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद बाइडन ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि रूस के अपने समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर हुई बात में उन्होंने दोनों देशों के सामने मौजूद कई मुद्दों के समाधान के लिए आगामी दिनों में यूरोप में शिखर सम्मेलन का प्रस्ताव दिया।
बाइडन ने कहा कि हमारी टीम इसकी संभावना पर फिलहाल चर्चा कर रही है। अगर यह शिखर सम्मेलन होता है और मेरा मानना है कि यह होगा, तो अमेरिका और रूस हथियारों के नियंत्रण एवं सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग शुरू करने के लिए सामरिक स्थिरता वार्ता शुरू कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ईरान और उत्तर कोरिया से परमाणु खतरों और कोविड-19 महामारी को खत्म करने समेत ऐसे कई वैश्विक मुद्दे हैं जिन पर अमेरिका और रूस को मिलकर काम करने की जरूरत है।’’ बातचीत के दौरन बाइडन ने यूक्रेन की सीमा और क्रीमिया में रूसी सैनिकों के निर्माण कार्य पर चिंता जताई।


Download Android App
Download iOS App



