रणदीप सुरजेवाला और जिग्नेश मेवाणी कोरोना पॉजिटिव, दिग्विजय सिंह भी हुए संक्रमित

Summary :

कांग्रेस महासचिव और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला और दिग्विजय सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं विधायक जिग्नेश मेवाणी भी संक्रमण की चपेट में आए हैं।

देश में कोरोना संक्रमण तेजी से फ़ैल रहा है। कांग्रेस महासचिव और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला और दिग्विजय सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं विधायक जिग्नेश मेवाणी भी संक्रमण की चपेट में आए हैं। तीनों नेताओं ने ट्वीट कर खुद के संक्रमित होने के जानकारी दी है।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर लिखा, मेरी कोविड जांच रिपोर्ट पॉज़िटिव आयी है। फ़िलहाल अपने दिल्ली निवास पर क्वारंटीन में हूँ। कृपया इस दौरान मेरे संपर्क में आए सभी लोग खुद को आइसोलेशन में रखकर अपनी सेहत से संबंधित सभी सतर्कता बरतें।


रणदीप सुरजेवाला और गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी ने ट्वीट कर अपने संक्रमित होने की जानकारी देते हुए अपने संपर्क में आए लोगों से कोरोना टेस्ट कराने की अपील की। दोनों नेता होम आइसोलेशन में हैं और उनकी हालत स्थिर है।

देश में कोरोना वायरस लगातार दूसरे दिन 2 लाख से जयादा मामले दर्ज हुए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान सामने आए नए मामले 2,17,353 के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 42 लाख 91 हजार 917 हो गई है। वहीं इस दौरान 1185 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,74,308 हो गई है।

Desk Team