अमेरिका के विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन ने कहा कि दुनिया भर में क्षेत्रीय आधार पर कोविड-19 रोधी टीके की उत्पादन क्षमता बढ़ाने की जरूरत है। गौरतलब है कि भारत सहित कई देशों को अमेरिका लाखों टीके भेज रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने घोषणा की है कि अमेरिका अपने कोविड-19 रोधी टीकों के भंडार में उपयोग में नहीं लाई गई ढाई करोड़ खुराक में से करीब 1.9 करोड़ यानी 75 प्रतिशत खुराक संयुक्त राष्ट्र समर्थित कोवैक्स कार्यक्रम के माध्यम से दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया तथा अफ्रीका के देशों को आवंटित करेगा।
ब्लिंकन विदेश विभाग के 2022 के बजटीय प्रस्तावों पर ‘हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी’ के समक्ष कहा कि दुनिया के तीन-चौथाई लोगों का जल्द से जल्द टीकाकरण होना जरूरी है। ब्लिंकन ने एक सवाल के जवाब में कहा,‘‘अगर हम मौजूदा स्थिति में रहे, आठ करोड़ टीकों को आवंटित करने से पहले, विश्व में उत्पादन क्षमता बढ़ाने से पहले, ना केवल अमेरिका, हम दुनियाभर के लोगों को टीके लगाने या कम से कम दुनिया के 75 प्रतिशत लोगों को 2024 तक टीके नहीं लगा पाएंगे।’’
एंटोनी ब्लिंकन ने कहा,‘‘हमें यह सुनिश्चित करना है कि जो भी हम देश से बाहर भेजें वे सुरक्षित एवं प्रभावी हों।’’ ब्लिंकन ने कहा कि टीकों का आवंटन शुरू हो गया है और इसके 75 प्रतिशत का आवंटन ‘कोवैक्स’ के साथ समन्वय स्थापित करके किया जाएगा। ‘कोवैक्स’ टीके के न्यायसंगत वितरण के लिये विश्व स्वास्थ्य संगठन समर्थित एक पहल है।


Download Android App
Download iOS App



