ऋषि सुनक जो ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार है, उनका एक बयान काफी सुर्ख़ियों में छाया हुआ है, जहाँ उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट से निपटने की उनकी योजना के संबंध में झूठे वादे करके जीत हासिल करने के बजाय वह हारना पसंद करेंगे। ‘बीबीसी’ को दिए एक साक्षात्कार में ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि कमजोर तबके के परिवारों के कल्याण के लिए काम करने को वह प्रतिबद्ध हैं। सुनक और उनकी प्रतिद्वंद्वी ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज़ ट्रस इस मुद्दे को लेकर आमने-सामने हैं।
वही, ट्रस ने कर कटौती का वादा किया है, जिसको लेकर पूर्व वित्त मंत्री सुनक ने दावा किया है कि इससे केवल अमीर परिवारों को फायदा होगा, न कि उन लोगों को जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। सुनक (42) ने कहा, ‘‘ मैं झूठे वादे करके जीतने की बजाय हारना पसंद करूंगा।’’ कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्यों द्वारा दोनों उम्मीदवारों से सवाल-जवाब किए जा रहे हैं। ये सदस्य चुनाव में मतदान करेंगे। इस दौरान बढ़ती मुद्रास्फीति और कीमतों का मुद्दा हावी होता दिख रहा है।
इंटरव्यू में सुनक ने किया बड़ा दावा
बता दें, सुनक ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण लगाए गए लॉकडाउन के दौरान वित्त मंत्री के तौर पर अपने कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘ लोग मुझे मेरे काम के आधार पर आंक सकते हैं, जब इस साल की शुरुआत में बिल 1200 पाउंड से अधिक आ रहे थे, मैंने सुनिश्चित किया कि कमजोर तबके के लोगों के बिल 1200 पाउंड के आसपास ही आएं।’’ सुनक ने प्रधानमंत्री पद के लिए चुने जाने पर अपने द्वारा किए गए कार्यों को और आगे बढ़ाने का वादा किया।
इसी के साथ उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे पता है कि लाखों लोग महंगाई को लेकर चिंतित हैं, खासकर उनके बिजली के बिल को लेकर….मेरा कहना है कि अगर मैं प्रधानमंत्री बनता हूं तो मैं उन परिवारों की और अधिक मदद करूंगा जिन्हें सबसे अधिक मदद की जरूरत है, क्योंकि स्थिति अब इस साल की शुरुआत से बदतर है, जब मैंने इन उपायों की घोषणा की थी।’’


Download Android App
Download iOS App



