चीनी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि चीन विश्व की शीर्ष प्रौद्योगिकी ताकत के तौर पर अमेरिका की जगह लेने या उससे टकराने की कोशिश नहीं कर रहा है लेकिन वाशिंगटन से लगाये जाने वाले ‘‘दुर्भावनापूर्ण लांछन’’के खिलाफ पलटवार करेगा।
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने ट्रंप प्रशासन के हालिया आरोपों की प्रतिक्रिया में यह कहा है। उन्होंने कहा कि भले ही आलोचक यह कहें कि उसकी आक्रामक विदेश नीति बढ़ रही है जिसके तहत सैन्य, प्रौद्योगिकी, आर्थिक एवं अन्य क्षेत्रों में चीनी प्रभाव बढ़ाने की संभावना तलाशी जा रही है, चीन की मुख्य चिंता अपने नागरिकों की आजीविका बेहतर करना और वैश्विक शांति एवं स्थिरता को कायम रखना है।
प्रवक्ता ने प्रतिदिन के प्रेस बयान में कहा, ‘‘एक स्वतंत्र संप्रभु राष्ट्र होने के नाते चीन के पास अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और विकास के हितों की हिफाजत करने तथा कड़ी मेहनत से चीन की जनता द्वारा हासिल उपलब्धियों की रक्षा करने का अधिकार है ताकि चीन के खिलाफ किसी धौंस या अन्याय को रोका जा सके और अमेरिका द्वारा चीन के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण लांछन तथा हमलों पर पलटवार किया जा सके।’’
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार को अमेरिका के महान्यायवादी विलियम बर्र ने एक बयान में चीन को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों को बढ़ावा देने के खिलाफ अमेरिकी कारोबारियों को आगाह किया था।


Download Android App
Download iOS App



