चीन ने पिछले महीने मात्र पांच दिन में कोविड-19 टीकों की 10 करोड़ खुराक लगाई, यानी चीन की टीकाकरण मुहिम की शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन अब वह अपने सभी उपलब्ध संसाधनों की मदद से इस मुहिम की गति तेज कर रहा है।
चीनी जन स्वास्थ्य नेताओं ने उम्मीद जताई है कि इस साल के अंत तक 1.4 अरब की आबादी में से 80 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण हो जाएगा। चीन मंगलवार तक 68 करोड़ से अधिक खुराक दे चुका था, जिनमें से करीब आधी खुराकें मई में दी गईं। ऑनलाइन अनुसंधान साइट ‘अवर वर्ल्ड इन डेटा’ के अनुसार, वैश्विक स्तर पर दी गईं 1.9 अरब खुराक में से करीब एक तिहाई खुराक चीन में लगाई गई हैं।
चीन में समाज का हर वर्ग टीकाकरण कराने की अपील कर रहा है। कंपनियां अपने कर्मियों को टीकाकरण का प्रस्ताव दे रही है और स्कूल अपने छात्रों एवं कर्मचारियों से टीकाकरण कराने का अनुरोध कर रहे हैं। ‘अवर वर्ल्ड इन डेटा’ के सात दिन के औसत के अनुसार चीन में अब हर रोज एक करोड़ 90 लाख लोगों का टीकाकरण हो रहा है।
यह इटली में हर तीन दिन में हरेक को टीके की खुराक लगाए जाने के बराबर है। अमेरिका की आबादी चीन की एक चौथाई के बराबर है। अमेरिका में अप्रैल में प्रतिदिन करीब 34 लाख खुराक लगाई गईं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चीन में कितने लोगों का पूरी तरह टीकाकरण हो चुका है, क्योंकि सरकार सार्वजनिक रूप से यह आंकड़ा जारी नहीं करती है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के विशेषज्ञों के समूह के प्रमुख झोंग नानशान ने रविवार को बताया कि देश की 40 प्रतिशत आबादी को टीके की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है और इस महीने के अंत तक इस आबादी का पूरी तरह टीकाकरण करने का लक्ष्य है।
चीन के विभिन्न प्रांतों में टीकों का असमान वितरण एक बड़ी समस्या है। केंद्र सरकार के अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि वे समान वितरण सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App


