खसरे से अमेरिका में बढ़ी चिंता, टेक्सास में 700 से अधिक प्रभावित

Summary :

अमेरिका में खसरे से मचा हड़कंप, टीकाकरण पर सवाल

अमेरिका ने 25 साल पहले खसरे को खत्म करने की घोषणा की थी, लेकिन पश्चिमी टेक्सास में इस बीमारी के बढ़ते प्रकोप ने एक बार फिर से चिंताएं बढ़ा दी हैं। मीडिया ने बताया कि पश्चिमी टेक्सास में खसरे के रोगियों की संख्या बढ़ गई है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी के अंत में शुरू हुए खसरे से टेक्सास में 700 से अधिक लोग बीमार हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इतना ही नहीं, यह अन्य राज्यों में भी फैल गया है। खसरे ने अमेरिका में एक दशक से अधिक समय में पहली बार जान ली है।

कुछ सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों और महामारी वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्रकोप एक साल से अधिक समय तक चल सकता है, जिससे अमेरिका का खसरा-मुक्त दर्जा खतरे में पड़ सकता है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने साल 2000 में व्यापक टीकाकरण अभियानों के बाद यह उपलब्धि हासिल की थी, जिसमें अधिकांश बच्चों को खसरा, कण्ठमाला और रूबेला या एमएमआर वैक्सीन दी गई थी।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, खसरा तब खत्म माना जाता है जब किसी देश में कम से कम 12 महीने तक मजबूत निगरानी प्रणाली के तहत स्थानीय स्तर पर इसका प्रसार न हो। अमेरिकी रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अनुसार, कोई बीमारी तब स्थानिक होती है, जब वह किसी आबादी में नियमित रूप से मौजूद रहती है।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि टेक्सास में खसरे के मामले मंगलवार को बढ़कर 663 हो गए, जो 25 अप्रैल के बाद 17 मामलों की वृद्धि है। अमेरिका पहले से खत्म हो चुकी बचपन की बीमारी के सबसे खराब प्रकोपों में से एक से जूझ रहा है। टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट हेल्थ सर्विसेज ने कहा कि प्रकोप के केंद्र गेन्स काउंटी में मामले 396 हो गए, जो शुक्रवार के पिछले अपडेट से तीन अधिक हैं।

इसके अलावा, अन्य राज्यों में भी इजाफा देखा गया था, जहां तीन या अधिक मामले सामने हैं। इनमें इंडियाना, कंसास, मिशिगन, मोंटाना, ओहियो, पेंसिल्वेनिया और टेनेसी शामिल हैं।सीडीसी के शुक्रवार के आंकड़ों के अनुसार, पांच में से एक राज्य में खसरे का प्रकोप बढ़ा है और इसके साथ ही अमेरिका में बीमारों की संख्या 900 के करीब पहुंच गई है। सीडीसी ने 884 मामलों की पुष्टि की है, ये 2024 में पूरे साल मिले मामलों का तीन गुना है।

जिन समुदायों में टीकाकरण की दर 95 प्रतिशत से अधिक है, वहां खसरे जैसी बीमारियों का फैलना मुश्किल होता है। इसे “हर्ड इम्यूनिटी” कहते हैं। हालांकि, महामारी के बाद से पूरे अमेरिका में बच्चों के टीकाकरण की दर कम हुई है और अधिक माता-पिता धार्मिक या व्यक्तिगत विश्वास के आधार पर अपने बच्चों को अनिवार्य टीकों से छूट ले रहे हैं। बता दें कि 2024 में अमेरिका में खसरे के मामले बढ़े हैं, जिसमें शिकागो का प्रकोप भी शामिल है, जहां 60 से अधिक लोग बीमार हुए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.