दुनिया भर में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसबीच, ईरान में इस वायरस से संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। ईरान में रविवार को कोरोना वायरस से 123 अतिरिक्त मौतें हुई। इसके साथ ही देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2640 हो गई।
ईरान की लोकल मीडिया के अनुसार, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता कियानौश जहांपुर ने रविवार को कहा कि शनिवार से अबतक कुल मामलों की संख्या बढ़कर 38309 हो गई है। अबतक 12,391 मरीज ठीक हुए हैं और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
प्रवक्ता के अनुसार, 3,467 मरीजों की हालत नाजुक है। अमेरिका की जॉन हापकिंस यूनिवर्सिटी द्वारा जुटाए गए आंकड़े के अनुसार, चीन के वुहान में पिछले साल दिसंबर में पैदा होने के बाद नोवल कोरोना वायरस कम से कम 177 देशों और क्षेत्रों में फैल चुका है। आंकड़े के अनुसार, पिछले दिसंबर से अबतक दुनिया में 6,69,300 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 30,900 से अधिक मौतें हो चुकी हैं और 142,000 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



