भारत के 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिका में कई सांस्कृतिक एवं संगीतमय कार्यक्रम ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे। जयपुर फुट यूएसए ने बताया कि 15 अगस्त को वह ‘वर्चुअल कवि सम्मेलन’ का आयोजन करेगा। संगठन की ओर से कहा गया कि विदेश राज्यमंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री वी. मुरलीधरन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विदेशी मामलों पर संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष पी.पी. चौधरी करेंगे।
कार्यक्रम में लोकप्रिय कवि मदन मोहन समर तथा कुंवर जावेद अपनी प्रस्तुति देंगे। जयपुर फुट यूएसए के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने कहा कि इस वर्ष भारत के स्वतंत्रता दिवस का जश्न बहुत खास है क्योंकि पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर का ‘भूमि पूजन’ कार्यक्रम हुआ था जो दुनियाभर के हिंदुओं के लिए ‘‘सपने के सच होने जैसा है’’।
सांस्कृतिक संगठन इंडो-अमेरिकन आर्टस काउंसिल की ओर से ‘दी फ्रीडम कंसर्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें ख्यात सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान प्रस्तुति देंगे। न्यूयार्क में भारत का महावाणिज्य दूतावास 15 अगस्त को ऑनलाइन स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



