डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया की जमीन पर रखा कदम, किम से की मुलाकात

Summary :

ट्रम्प के उत्तर कोरियाई जमीन पर कदम रखते ही किम ने तालियां बजाई और फिर एक बार दोनों ने हाथ मिलाया और तस्वीरें खींचवाई।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन से मुलाकात कर प्योंगयांग की जमीन पर पहली बार कदम रखा। पूर्व दुश्मन देश की धरती पर पहुंचने वाले वह पहले मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति हैं। 
इस ऐतिहासिक क्षण के दौरान ट्रंप दक्षिण और उत्तर कोरिया को बांटने वाली कंक्रीट की सीमा पर पहुंचे, जहां किम उनका स्वागत करने आए और दोनों ने हाथ मिलाया। फिर दोनों ने साथ में उत्तर कोरियाई क्षेत्र की ओर रुख किया।

 

ट्रम्प के उत्तर कोरियाई जमीन पर कदम रखते ही किम ने तालियां बजाई और फिर एक बार दोनों ने हाथ मिलाया और तस्वीरें खींचवाई। इसके बाद दोनों फिर दक्षिण कोरिया की ओर बढ़े और वहां मौजूद पत्रकारों को संबोधित किया। ट्रम्प ने कहा, “विश्व के लिए यह एक महान क्षण है और यहां आना मेरे लिए सम्मान की बात है।” उन्होंने कहा, “बहुत सी महान चीजें हो रही हैं।” 
ट्रम्प ने कल ही अचानक इस दौरे की जानकारी ट्विटर पर दी थी। हनोई में फरवरी में बेनतीजा रही शिखर वार्ता की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा था, “बस हाथ मिलाकर एक दूसरे का अभिवादन करेंगे क्योंकि हम वियतनाम के बाद से मिले नहीं हैं।”

Desk Team