अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि चीन के लोकप्रिय वीडियो शेयरिंग ऐप का दो अमेरिकी कंपनियों वालमार्ट और ओरेकल के साथ संभावित सौदा अगर नहीं हो पाता है, तो वह इस ऐप को बंद कर देंगे।
ट्रंप ने इससे पहले भी चीन की बाइटडांस के स्वामित्व वाले टिकटॉक को राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर प्रतिबंधित करने की चेतावनी दी थी और कहा था कि इससे बचने के लिए ऐप के अमेरिकी परिचालन का नियंत्रण किसी अमेरिकी कंपनी को देना होगा।
ट्रंप का आरोप है कि इस ऐप के जरिए चीन को अमेरिकी नागरिकों के निजी डेटा तक पहुंच मिलती है।अमेरिका में टिकटॉक के 10 करोड़ से अधिक उपयोकर्ता हैं। ट्रंप ने अपने ताजा बयान से एक दिन पहले ओरेकल तथा वालमार्ट के टिकटॉक में हिस्सेदारी लेने की बात कही थी।
ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, ‘‘इस पर काम चल रहा है। मैंने शुरुआती सहमति दी है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘वे काम करेंगे… वे दोनों बेहतरीन कंपनियां हैं… ओरेकल और वालमार्ट। (ओरेकल के सीईओ) लैरी एलिसन काफी प्रतिभाशाली हैं।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, ‘‘तो अगर हम इसे (टिकटॉक) बचा सकते होंगे, तो हम बचाएंगे। और अगर ऐसा नहीं हो सकेगा, तो हम इसे बंद कर देंगे।’’ ट्रंप ने कहा कि इन कंपनियों ने एक शुरुआती समझौता किया है और उनके लिए सुरक्षा का मुद्दा सबसे महत्वपूर्ण है।


Download Android App
Download iOS App



