संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था (आईएईए) के निरीक्षकों को ईरान के भूमिगत फोर्डो परमाणु स्थल में यूरेनियम के 83.7 प्रतिशत तक संवर्धित कण मिले। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
इस अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी द्वारा सदस्य देशों को वितरित की गई इस गोपनीय त्रैमासिक रिपोर्ट से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके तथा पश्चिमी देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है।
आईएईए के महानिदेशक ने कहा है कि यदि ईरान चाहे तो उसके पास अब ‘‘कई’’ परमाणु बम बनाने के लिए पर्याप्त यूरेनियम है, लेकिन उसे कोई हथियार बनाने में महीनों लग जाएंगे।
इससे पहले ‘ब्लूमबर्ग’ ने बताया था कि आईएईए के निरीक्षकों को ईरान में 84 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम कण मिले हैं। उस समय, ईरान के असैन्य परमाणु कार्यक्रम के प्रवक्ता बहरोज कमालवांदी ने उस शुद्धता (84 फीसदी) के स्तर पर यूरेनियम के किसी कण के मिलने को 60 फीसदी शुद्धता वाले यूरेनियम संवर्धन की प्रक्रिया का क्षणिक दुष्प्रभाव बताया था। ईरान पहले ही 60 फीसदी शुद्धता वाले यूरेनियम संवर्धन की घोषणा कर चुका है।
हालांकि, 84 फीसदी शुद्धता वाला यूरेनियम परमाणु हथियार में प्रयुक्त होने वाले संवर्धित यूरेनियम (90 फीसदी शुद्धता) के बेहद करीब है। इससे तात्पर्य है कि अगर ईरान चाहे तो इस यूरेनियम का उपयोग परमाणु हथियार बनाने में कर सकता है।


Download Android App
Download iOS App



