पाकिस्तान के लियाकतपुर क्षेत्र में गुरुवार को रावलपिंडी जा रही तेजगाम एक्सप्रेस ट्रेन में भयंकर आग लगने से 65 यात्रियों की मौत हो गई और कई झुलस गए। मरने वाला का आंकड़ा बढ़ सकता है। जीयो न्यूज ने रहीम यार खान के जिला पुलिस अधिकारी आमिर तैमूर खान के हवाले से यह जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय तेजगाम एक्सप्रेस कराची से रावलपिंडी जा रही थी। इसी दौरान एक यात्री के गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। रेलवे अधिकारियों ने गैस सिलेंडर के फटने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि जब यह विस्फोट हुआ उस समय यात्री नाश्ता तैयार कर रहे थे।

रेल मंत्री शेख राशिद ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त रेल लाइन को दो घंटे में दुरूस्त कर लिया जाएगा और इसके बाद यातायात बहाल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और अब वहां कूलिंग प्रयास किये जा रहे हैं। इस दुर्घटना में ट्रेन के तीन डिब्बे पूरीतरह क्षतिग्रस्त हो गये जिनमें दो इकोनॉमी और एक बिजनेस क्लास के डिब्बे शामिल हैं।

पाकिस्तान रेलवे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऐजाज अहमद ने कहा कि इस घटना से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए अधिकारियों को घायल लोगों की बेहतरीन इलाज के इंतजाम करने के निर्देश दिये हैं।


Download Android App
Download iOS App



