नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। फारस की खाड़ी में लाइबेरिया के झंडे वाले तेल-टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक के घायल होने की सूचना है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।
सोनोवाल ने ‘एक्स’ पोस्ट में बताया कि ‘एमची फुजैराह एनर्जी’ नाम का यह जहाज अल-रुवाइस से दुबई जा रहा था, तभी इस पर किसी वस्तु (प्रोजेक्टाइल) से हमला हुआ।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “10 नवंबर को, लाइबेरिया के झंडे वाले वीएलसीसी ‘एमटी फुजैराह एनर्जी’ शिप जिसमें 6 भारतीय नाविक सवार थे, फारस की खाड़ी से अल-रुवाइस से दुबई जाते समय किसी वस्तु से हमला हुआ। इस हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। उसे मामूली चोट आई है और आगे की मेडिकल जांच के लिए सुरक्षित रूप से किनारे पर ले आया गया है।”
सोनोवाल ने आगे कहा कि बाकी 18 क्रू सदस्य, जिनमें 5 अन्य भारतीय नाविक भी शामिल हैं, सुरक्षित हैं।
मंत्री ने कहा, “बाकी 18 क्रू सदस्य, जिनमें 5 अन्य भारतीय नाविक भी शामिल हैं, सुरक्षित हैं और उनके बारे में जानकारी मिल गई है। हम लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और अपने नाविकों की सुरक्षा, चिकित्सा देखभाल और भलाई सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ लगातार संपर्क में हैं।”
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में कमर्शियल शिपिंग और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों से गुजरने वाले जहाजों पर लगातार हमले हो रहे हैं।
हाल (3 नवंबर) ही में विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि पश्चिम एशिया संघर्ष में भारत के 23 नागरिकों ने जान गंवाई है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि काला सागर (ब्लैक सी) क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में पांच भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य अभी भी लापता हैं।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



