मॉस्को,(स्पूतनिक) : फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति जैक्स शिराक का गुरुवार सुबह निधन हो गया। श्री शिराक के पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री शिराक अपने सभी परिजनों की मौजूदगी में अंतिम सांस ली। वह 86 वर्ष के थे और कुछ दिनों से बीमार थे।
श्री शिराक 1995 से 2007 तक फ्रांस के राष्ट्रपति रहे। उनका पहला कार्यकाल 1995 से 2002 और दूसरा कार्यकाल 2002 से 2007 तक था। वह मध्यमार्गी-दक्षिणपंथी राजनेता थे। वह दो बार फ्रांस के राष्ट्रपति बने थे। वह फ्रांस के प्रधानमंत्री भी रहे थे।
उन्होंने फ्रांस में राष्ट्रपति का कार्यकाल सात साल से घटाकर पांच साल कर दिया था। वह 18 साल तक पेरिस के मेयर भी रहे। उनके पास प्रशासन का लंबा अनुभव था। कई तरह के भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे रहने के बावजूद उन्हें दोबारा राष्ट्रपति चुना गया।
अपने 12 साल के कार्याकाल के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुत ख्याति हासिल की लेकिन फ्रांस में आर्थिक सुधार करने और पुलिस तथा अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं के बीच तनाव कम करने में नाकाम रहे जिससे 2005 में फ्रांस में दंगे हुए। श्री शिराक फ्रांस के पहले ऐसे नेता रहे जिन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध में फ्रांस की भूमिका को स्वीकार किया।
उन्होंने 2003 में इराक पर अमेरिका के हमले का विरोध किया था जिसके कारण अमेरिका के साथ उसके रिश्तों में तनाव आ गया था।
श्री शिराक पर पेरिस का मेयर रहने के दौरान निधि के दुरुपयोग और रिश्वत लेने के आरोप लगे। साल 2007 में राष्ट्रपति पद से हटने के बाद उनको आधिकारिक तौर पर आरोपित किया गया।
उन्हें 2011 में जनता के पैसे के दुरुपयोग, विश्वासघात, हितों के टकराव का दोषी पाया गया और दो साल की कैद की सजा दी गई लेकिन उनकी उम्र स्वास्थ्य और ओहदे को देखते हुए इस सजा को निलंबित रखा गया।


Download Android App
Download iOS App



