फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है कि उनका देश पश्चिम बंगाल और ओडिशा में चक्रवात अम्फान से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारत की किसी भी तरह की सहायता करने को तैयार है।
एक सूत्र ने बताया, ‘‘भारत में चक्रवात के बाद राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा। फ्रांस के लोगों की ओर से राष्ट्रपति मैक्रों ने अपनी संवेदना और एकजुटता प्रकट की।’’
सूत्रों ने बताया कि फ्रांस की विकास एजेंसी ने 20 करोड़ यूरो का रियायती कर्ज देने का फैसला किया है, इससे विश्व बैंक को भारत के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पत्र में मैक्रों ने विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग के महत्व को भी रेखांकित किया ।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न हिस्से में 20 मई को आए चक्रवात के कारण भारी तबाही हुई। पश्चिम बंगाल में चक्रवात के कारण विभिन्न घटनाओं में 98 लोगों की मौत हुई और कम से कम छह करोड़ लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए । अम्फान की वजह से ओडिशा में भी लाखों लोग प्रभावित हुए ।


Download Android App
Download iOS App



