एंटीगुआ और बारबुडा से हाल में फरार हुए भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को पड़ोस के डोमिनिका में पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ इंटरपोल ने ‘यलो नोटिस’ जारी किया था। स्थानीय मीडिया की खबरों में बुधवार को इस बारे में बताया गया।
एंटीगुआ और बारबुडा द्वारा इंटरपोल का ‘यलो नोटिस’ जारी किये जाने के बाद डोमिनिका में पुलिस ने मंगलवार रात (स्थानीय समयानुसार) चोकसी को पकड़ लिया। ‘एंटीगुआ न्यूज रूम’ के मुताबिक, चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता लेने के बाद 2018 से यहां रह रहा था।
लापता लोगों की तलाश के लिए इंटरपोल यलो नोटिस जारी करता है। खबरों में बताया गया है कि उसे एंटीगुआ और बारबुडा की रॉयल पुलिस फोर्स को सौंपने की कवायद चल रही है। पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये की कर्ज जालसाजी मामले में चोकसी वांछित है और उसे आखिरी बार रविवार को एंटीगुआ और बारबुडा में अपनी कार में भोजन करने के लिए जाते हुए देखा गया था।
चोकसी की कार मिलने के बाद उसके कर्मचारियों ने लापता होने की सूचना दी। चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने पुष्टि की थी कि चोकसी रविवार से लापता था।


Download Android App
Download iOS App



