कश्मीर मुद्दे पर भारत की सख्ती के बाद एक बार फिर पाकिस्तान ने शांति का राग अलापा है। पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा ने इस मुद्दे पर पाकिस्तान को भारत से मिलकर शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से सुलझाने की बात कही है।
जिओ टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, जनरल बाजवा ने मंगलवार को पाकिस्तान एयर फोर्स (पीएएफ) एकेडमी में स्नातक कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा, पाकिस्तान परस्पर सम्मान और शांतिपूर्ण ढंग से साथ रहने के अपने आदर्शो के प्रति कटिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि अब सभी दिशाओं में शांति का हाथ बढ़ाने का वक्त है।
सेना प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तान और भारत को चाहिए कि वे जम्मू और कश्मीर की अवाम की आकांक्षाओं के अनुरूप जम्मू और कश्मीर का मुद्दा गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं और इस मानवीय त्रासदी का एक औचित्यपूर्ण समाधान निकालें। साथ ही उन्होंने बदले हुए तेवर में कहा कि हम ऐसा कदापि नहीं चाहते कि शांति के लिए हमारी भावनाओं को कोई भी हमारी कमजोरी समझे। पाकिस्तान की सेना किसी भी खतरे का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार और सक्षम है।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तानी वायु सेना की प्रशंसा करते हुए आर्मी चीफ ने कहा कि ऑपरेशन स्विफ्ट रिटॉर्ट के दौरान हमारी वायु सेना ने जिस तरह के असाधारण साहस और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया है, वह हमारी प्रतिबद्धता और क्षमता का परिचायक है।


Download Android App
Download iOS App



