ढाका, 23 अगस्त (आईएएनएस)। रंगपुर शहर में एक सेवानिवृत्त हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव उनके बंद घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय मीडिया द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे शहर के दासपारा (मछुआपारा) इलाके में स्थित एक घर से चारों के शव बरामद किए गए। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थाने के प्रभारी अधिकारी नजमुल कादर ने बताया कि पुलिस ने बंद घर में प्रवेश करने के बाद शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गणपति चक्रवर्ती पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी बेटी आगामी ने इसी वर्ष रंगपुर कार्माइकल कॉलेज से अंग्रेजी में मास्टर डिग्री पूरी की थी। वहीं, उनका बेटा प्रियम रंगपुर जिला स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था।
परिवार के रिश्तेदारों ने बताया कि जब उनसे संपर्क नहीं हो सका, तो उन्हें चिंता हुई। प्रीतिलता की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने द डेली स्टार को बताया कि उनकी अपनी बहन से आखिरी बार गुरुवार दोपहर बात हुई थी। परिवार के चारों मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद आ रहे थे।
उन्होंने कहा, “जब फोन लगातार बंद मिले तो हम शनिवार रात दासपारा पहुंचे। घर का मुख्य गेट बंद था और अंदर की सारी लाइटें भी बंद थीं। बाद में पुलिस आई, ताला तोड़कर घर में दाखिल हुई और वहां से शव बरामद किए।”
पुलिस और जांच एजेंसियों ने घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। ओसी नजमुल कादर ने बताया कि पुलिस, अपराध जांच विभाग और डिटेक्टिव ब्रांच मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फिलहाल हमने चार लोगों के शव बरामद किए हैं। अभी तक हम घटना के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं जुटा पाए हैं।
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी के प्रभारी सुबीर चौधरी ने बताया कि घर के अलग-अलग हिस्सों से शव बरामद हुए। उनके अनुसार, मां और बेटी के शव सीढ़ियों के पास मिले जबकि गणपति चक्रवर्ती का शव घर की छत पर मिला।
उन्होंने बताया कि बेटे का शव एक बिस्तर के नीचे मिला। सुबीर चौधरी ने कहा, “हम मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही पता चलेगा कि इन हत्याओं के लिए कौन जिम्मेदार था।”
–आईएएनएस
एवाई/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



