न्यूयॉर्क, 14 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी नौसेना की पूर्व रियर एडमिरल आयलीन लौबाकर ने मध्यावधि चुनावों (कांग्रेस के लिए) में रिपब्लिकन नेता को हरा दिया है। इन चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जबरदस्त लहर देखने को मिली है। लौबाकर दिल्ली स्थित दूतावास की रक्षा अताशे भी रह चुकी हैं।
शुक्रवार (स्थानीय समय) को कोलोराडो निर्वाचन क्षेत्र से डेमोक्रेट लौबाकर को विजेता घोषित किया गया। उन्होंने रिपब्लिकन लॉरेन बोबर्ट को हराया, जो अपनी तीखी बयानबाजी और विवादित छवि के लिए जानी जाती हैं।
लौबाकर 2019 से 2022 तक नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में डिफेंस अताशे (रक्षा अताशे यानी एक उच्च-स्तरीय सैन्य अधिकारी) थीं। इसके बाद, वह राष्ट्रपति जो बाइडन की विशेष सहायक बनीं और 2024 में रिटायर होने से पहले नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल में दक्षिण एशिया के लिए वरिष्ठ निदेशक के रूप में भी काम किया।
दूतावास में रहते हुए, उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। इसी दौरान ‘बेसिक एक्सचेंज एंड कोऑपरेशन एग्रीमेंट’ (बीईसीए) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे दोनों देशों के बीच जियोस्पेशियल और सैटेलाइट डेटा साझा करने का रास्ता खुला, जो सटीक नेविगेशन और लक्ष्य साधने में मददगार है।
उनके कार्यकाल के दौरान ही दोनों देशों ने रक्षा तकनीक और व्यापार से जुड़ी एक पहल भी शुरू की, जिसका मकसद हथियारों का संयुक्त रूप से विकास और उत्पादन करना था।
हालांकि लौबाकर केवल 3,000 वोटों के अंतर से जीतीं, लेकिन उन्होंने एक ऐसे निर्वाचन क्षेत्र में बाजी पलट दी, जिसे रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता था। 2024 में इसी क्षेत्र से बोबर्ट 24 प्रतिशत के बड़े अंतर से चुनी गई थीं।
अपनी हार स्वीकार करते हुए बोबर्ट ने ‘एक्स’ पर लिखा, ” मैं अब अपने घर पर हूं, खुश हूं और मुझे सुकून है। लेकिन ऐसा नहीं है कि मैं वापसी नहीं करूंगा।”
लौबाकर पिछले साल तक एक रजिस्टर्ड रिपब्लिकन थीं, लेकिन फिर वह डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल हो गईं। उन्होंने इस निर्वाचन क्षेत्र के इतिहास को ध्यान में रखते हुए एक ‘सेंट्रिस्ट’ (मध्यमार्गी) उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा।
अपनी जीत की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा, “मैं कोलोराडो के भले के लिए हर किसी के साथ मिलकर काम करूंगी—चाहे वे राष्ट्रपति (डोनाल्ड) ट्रंप हों, रिपब्लिकन हों या डेमोक्रेट।”
अपने दादा (जो नेवी में गोताखोर थे) और पिता (जो वाइस एडमिरल थे) के नक्शेकदम पर चलते हुए उन्होंने नौसेना को अपनी सेवाएं दीं। नई दिल्ली दूतावास में तैनाती के दौरान ही उन्हें ‘रियर एडमिरल’ के पद पर पदोन्नत किया गया था।
उन्होंने नेवी इंटेलिजेंस में भी काम किया है और अफगानिस्तान में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
बोबर्ट पहले ट्रंप की कट्टर समर्थक थीं, लेकिन बाद में उन्होंने ट्रंप से किनारा कर लिया। उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की उस मांग का समर्थन किया, जिसमें दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी सरकारी फाइलों को सार्वजनिक करने की बात कही गई थी।
चुनाव से पहले उनकी एक हरकत चर्चा में रही। उन्हें और उनके एक पुरुष मित्र को एक थिएटर से बाहर निकाल दिया गया था। उन पर ऊंची आवाज में गाने, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट पीने और स्टाफ के साथ बदसलूकी कर वहां चल रहे कार्यक्रम में खलल डालने का आरोप था।
बाद में उन्होंने अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी, लेकिन लौबाकर ने इस घटना को एक कैंपेन वीडियो में बदल दिया और उनकी गंभीरता पर सवाल उठाए।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



