केन्या के नेशनल डिफेंस कॉलेज पहुंचे भारतीय उच्चायुक्त, रक्षा शिक्षा में सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

Summary :

नैरोबी, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केन्या में भारत के उच्चायुक्त आदर्श स्वाइका ने केन्या के नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) का दौरा किया और वहां भारत से जुड़े एक विशेष ‘इंडिया कॉर्नर’ की स्थापना तथा सैन्य शिक्षा के क्षेत्र में भारतीय रक्षा संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। केन्या स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर बताया कि उच्चायुक्त स्वाइका ने एनडीसी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल जुमा म्विन्यिकई से मुलाकात की। बैठक में कॉलेज द्वारा हाल ही में भारतीय युद्ध महाविद्यालयों के अध्ययन दौरे, एनडीसी में प्रस्तावित ‘इंडिया कॉर्नर’ और भविष्य में रक्षा शिक्षा के क्षेत्र में दोनों…

नैरोबी, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केन्या में भारत के उच्चायुक्त आदर्श स्वाइका ने केन्या के नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) का दौरा किया और वहां भारत से जुड़े एक विशेष ‘इंडिया कॉर्नर’ की स्थापना तथा सैन्य शिक्षा के क्षेत्र में भारतीय रक्षा संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

केन्या स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर बताया कि उच्चायुक्त स्वाइका ने एनडीसी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल जुमा म्विन्यिकई से मुलाकात की। बैठक में कॉलेज द्वारा हाल ही में भारतीय युद्ध महाविद्यालयों के अध्ययन दौरे, एनडीसी में प्रस्तावित ‘इंडिया कॉर्नर’ और भविष्य में रक्षा शिक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के रास्तों पर चर्चा हुई।

दौरे के दौरान उच्चायुक्त ने कॉलेज परिसर में एक महोगनी का पौधा भी लगाया। यह पौधारोपण भारत के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और केन्या के 2032 तक 15 अरब पेड़ लगाने के लक्ष्य के समर्थन में किया गया। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इससे पहले, 26 अक्टूबर को भारतीय तटरक्षक बल का जहाज ‘आईसीजीएस वराहा’ अपनी विदेशी तैनाती के तहत केन्या के मोम्बासा बंदरगाह पहुंचा था। इस वर्ष किसी भारतीय नौसेना या तटरक्षक जहाज का मोम्बासा का यह तीसरा दौरा था।

भारतीय उच्चायोग ने कहा था कि भारतीय जहाजों के केन्या दौरे दोनों देशों के बीच बढ़ती समुद्री साझेदारी का प्रतीक हैं। यह सहयोग ‘बहारी’ संयुक्त दृष्टिकोण और भारत के ‘महासागर’ विजन के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।

इसके अलावा, 13 अक्टूबर को केन्याई रक्षा बल (केडीएफ) का एक प्रतिनिधिमंडल, जिसकी अगुवाई मेजर जनरल आरडब्ल्यू म्वांजिया कर रहे थे, भारत के ‘कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट’ (सीडीएम) पहुंचा था। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को कॉलेज की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक दृष्टिकोण और प्रमुख पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई।

एकीकृत रक्षा स्टाफ (आईडीएस) मुख्यालय ने कहा था कि इस तरह की बातचीत से भारत और केन्या के बीच पेशेवर सैन्य शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और व्यापक रक्षा साझेदारी को और मजबूती मिल रही है।

भारतीय उच्चायोग के अनुसार, केन्याई प्रतिनिधिमंडल भारत में एक अध्ययन कार्यक्रम के तहत आया था। इसका उद्देश्य केन्याई रक्षा बलों के लिए एक संयुक्त युद्ध महाविद्यालय विकसित करने की दिशा में अनुभव और जानकारी हासिल करना था। भारत और केन्या हाल के वर्षों में रक्षा, समुद्री सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में अपने सहयोग को लगातार मजबूत कर रहे हैं, और दोनों देश भविष्य में इस साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

–आईएएनएस

एवाई/एमएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.