वॉशिंगटन, 15 अगस्त (आईएएनएस)। मशहूर इंटरनेशनल सिंगर मैरी मिलबेन ने स्वतंत्रता दिवस पर भारतीयों को बधाई दी। उन्होंने देश की ‘विविधता में एकता’ की तारीफ की और लोगों से अपने विचारों को इनोवेशन में और चुनौतियों को अवसरों में बदलने का आग्रह किया।
मिलबेन ने एक वीडियो संदेश में कहा, “भारत के भाइयों और बहनों, जब आप एक और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खड़े हैं, तो आइए उस असाधारण यात्रा पर विचार करें जो आपको यहां तक ले आई है।”
उन्होंने कहा कि यह मौका सिर्फ एक तारीख को याद करने से कहीं ज्यादा है।
उन्होंने कहा, “आप उस अटूट जज्बे, पक्के इरादे और कभी न खत्म होने वाली उम्मीद का सम्मान कर रहे हैं, जिसने एक राष्ट्र को जन्म दिया।”
मिलबेन ने भारत को एक ऐसे राष्ट्र और सभ्यता के रूप में बताया जो सदियों से अलग-अलग संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं से मिलकर बना है। उन्होंने कहा कि देश आजादी के झंडे तले एकजुट है।
उन्होंने उन भारतीय पीढ़ियों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने आजादी के लिए कुर्बानी दी और एक ऐसे देश का सपना देखा जहां हर नागरिक आजादी से जी सके और तरक्की कर सके।
उन्होंने कहा, “उनकी सोच ही आपकी विरासत बन गई है। यह दिन आपको याद दिलाए कि आजादी का जज्बा सिर्फ एक याद नहीं है। यह एक ऐसी मशाल है जो आपको आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती रहती है।”
मिलबेन ने भारतीयों से अपील की कि वे ‘विविधता में एकता’ को अपनाएं, साथ मिलकर रहने की ताकत का जश्न मनाएं और हर नागरिक के भीतर छिपी क्षमता का इस्तेमाल करें।
भारतीय झंडे का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केसरिया रंग साहस और त्याग, सफेद रंग शांति और सच्चाई और हरा रंग विकास और समृद्धि का का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “लेकिन हमें उस चक्र को नहीं भूलना चाहिए, जो तरक्की का निशान है और हमें याद दिलाता है कि हमारे देश का भविष्य हमारे ही हाथों में है।”
मिलबेन ने कहा कि भारत नई संभावनाओं की दहलीज पर खड़ा है। चुनौतियां भले ही बहुत हों, लेकिन देश की क्षमताएं भी कम नहीं हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की तारीफ करते हुए उन्हें दूरदर्शी नेता बताया, “जो समर्पण, मजबूती और अटूट विश्वास के साथ महानता की ओर बढ़ने का रास्ता दिखाते हैं।”
उन्होंने कहा, “भविष्य उन लोगों का है, जो अपनी परिस्थितियों से आगे बढ़कर सपने देखने की हिम्मत रखते हैं और जो एक बेहतर दुनिया बनाने की अपनी क्षमता पर भरोसा करते हैं।”
मिलबेन ने कहा कि देश की यात्रा में हर भारतीय की भूमिका है, चाहे वह विज्ञान, कला, व्यापार, शासन, खेती या युद्ध के मैदान में हो। उन्होंने कहा कि उनके काम देश पर एक अमिट छाप छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा, “इस स्वतंत्रता दिवस पर, अपने देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लें। अपने जुनून को मकसद में, अपने विचारों को इनोवेशन में और अपनी चुनौतियों को अवसरों में बदलें।”
उन्होंने कहा, “उम्मीद की एक मिसाल बनें कि जब कोई देश एक साझा मकसद के साथ एकजुट होता है, तो कोई भी लक्ष्य आपकी पहुंच से बाहर नहीं होता।”
मिलबेन ने कहा, “प्यारे भारतीय भाइयों और बहनों, स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। अटूट संकल्प के साथ भविष्य की ओर बढ़ें, यह जानते हुए कि आगे का रास्ता आपके आज के कामों से ही बनता है।”
उन्होंने अपना संदेश इन शब्दों के साथ समाप्त किया, “जय हिंद। जय हिंद। जय हिंद, भारत।”
मिलबेन ने भारतीय देशभक्ति और भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने भारत और भारत-अमेरिका संबंधों का जश्न मनाने वाले कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया है।
–आईएएनएस
ओपी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App


