फ्लोरिडा, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के मियामी के पास बिस्केन बे में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
यूएस कोस्ट गार्ड के अनुसार, बुधवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) मियामी एग्जीक्यूटिव एयरपोर्ट के पूर्व में यह हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें तीन लोग सवार थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट अनुसार, दुर्घटना के बाद यूएस कोस्ट गार्ड, मियामी-डेड फायर रेस्क्यू डिपार्टमेंट और अन्य स्थानीय एजेंसियों की आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं।
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) के अनुसार, शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि ‘रॉबिन्सन आर44 II’ हेलीकॉप्टर शायद फोटोग्राफी के लिए उड़ान भर रहा था।
एनटीएसबी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। अभी और जानकारी का इंतजार है।
इससे पहले 1 नवंबर को, फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में एक रिहायशी इलाके में ‘लियरजेट 60’ बिजनेस जेट के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई थी।
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने इस हादसे में मरने वालों की पुष्टि की। दुर्घटना के कारण सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया था, जिसके चलते अधिकारियों को सैकड़ों स्थानीय निवासियों के लिए रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के अनुसार, यह विमान 1 नवंबर को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12:50 बजे क्रेस्टहेवन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ा था और बहामास के नॉर्थ एलूथेरा एयरपोर्ट जा रहा था।
यह ‘लियरजेट’ विमान क्रेस्टहेवन बुलेवार्ड और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के बीच, मिलिट्री ट्रेल के पास गिरा। स्थानीय टेलीविजन कवरेज की तस्वीरों में सड़क और आसपास के रिहायशी इलाके में भीषण आग, घना धुआं और मलबा बिखरा हुआ दिखाई दिया था।
डफी ने ‘एक्स’ पर लिखा था, “विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई।” उन्होंने इस हादसे को एक “भयानक त्रासदी” बताया और कहा कि एफएए, नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) की मदद के लिए अपनी टीम भेज रहा है, जो इस दुर्घटना की जांच का नेतृत्व करेगा।
डफी ने लोगों से पीड़ितों के परिवारों को याद रखने की अपील की और कहा कि दोनों संघीय एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App

