अंकारा, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। तुर्की के सिवेरेक जिले में मंगलवार को एक युवक ने अपने पुराने स्कूल में आत्महत्या कर ली। उससे पहले उसने स्कूल के कॉरिडोर में अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें कम से कम 16 लोग घायल हो गए।
तुर्की की अनादोलु एजेंसी के अनुसार, सानलिउर्फ़ा के गवर्नर हसन सिल्डाक घटना के बाद सिवेरेक स्टेट हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह घटना अहमेत कोयुंचु वोकेशनल एंड टेक्निकल एनाटोलियन हाई स्कूल में हुई, जहां हमलावर स्कूल में घुसा और बिना सोचे-समझे गोलियां चलाने लगा।
उन्होंने कहा, “16 घायलों में चार टीचर, दस छात्र, एक पुलिसकर्मी और एक कैंटीन कर्मचारी शामिल हैं। किसी की मौत नहीं हुई। चार लोगों की हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें शहर के बड़े अस्पताल में शिफ्ट किया गया। बाकी 12 लोगों का इलाज सिवेरेक स्टेट हॉस्पिटल में चल रहा है।”
गवर्नर ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, “हमलावर इसी स्कूल का पुराना छात्र था, जिसने यहां 9वीं तक पढ़ाई की थी। बाद में उसने ओपन हाई स्कूल में दाखिला ले लिया था। उसका जन्म 2007 में हुआ था। पुलिस के पकड़ने से पहले ही उसने अपनी जान ले ली। हमने स्कूल को खाली करा दिया है। यह बहुत दुखद घटना है और पूरी गहराई से जांच होगी।”
हसन सिल्डाक ने सिवेरेक और सानलिउर्फ़ा के लोगों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी और प्रशासनिक दोनों तरह की जांच की जाएगी, ताकि सच्चाई जल्द से जल्द सामने आ सके।
सिल्डाक ने बताया कि इस हमले की पूरी तरह से जांच की जा रही है और हमलावर का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। मुख्य अभियोजक का कार्यालय मामले के न्यायिक पहलुओं को देखेगा और प्रशासनिक जांच तंत्र को भी सक्रिय किया जाएगा।
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



