अमेरिकी कांग्रेस महिला ने दीपावाली की छुट्टी वाला विधेयक फिर से पेश करने की घोषणा की

Summary :

वाशिंगटन, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी कांग्रेस महिला ग्रेस मेंग ने दीपावाली को संघीय अवकाश बनाने के लिए एक विधेयक को फिर से पेश करने की घोषणा की है। उन्होंने ऐसा हिंदुओं और दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत की चिंताओं के मद्देनजर किया है। ‘दीवाली डे एक्ट’ के तहत रोशनी के इस त्योहार को संघीय छुट्टियों (फेडरल हॉलिडे) के कैलेंडर में शामिल किया जाएगा। कांग्रेसनल एशियन पैसिफिक अमेरिकन कॉकस (सीएपीएसी) की अध्यक्ष मेंग ने कहा कि इस त्योहार को मान्यता देने से अमेरिकी समाज में विभिन्न समुदायों की जगह और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा, “दीपावाली बुराई पर अच्छाई और…

वाशिंगटन, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी कांग्रेस महिला ग्रेस मेंग ने दीपावाली को संघीय अवकाश बनाने के लिए एक विधेयक को फिर से पेश करने की घोषणा की है। उन्होंने ऐसा हिंदुओं और दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत की चिंताओं के मद्देनजर किया है।

‘दीवाली डे एक्ट’ के तहत रोशनी के इस त्योहार को संघीय छुट्टियों (फेडरल हॉलिडे) के कैलेंडर में शामिल किया जाएगा।

कांग्रेसनल एशियन पैसिफिक अमेरिकन कॉकस (सीएपीएसी) की अध्यक्ष मेंग ने कहा कि इस त्योहार को मान्यता देने से अमेरिकी समाज में विभिन्न समुदायों की जगह और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने कहा, “दीपावाली बुराई पर अच्छाई और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है। इस विधेयक को 19 अन्य लॉमेकर्स का भी समर्थन प्राप्त है, जिनमें भारतीय-अमेरिकी अमी बेरा, रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति, सुहास सुब्रमण्यम और श्री थानेदार शामिल हैं।”

उन्होंने कहा, “अन्य समर्थकों में नैनेट बैरागन, वेस्ली बेल, आंद्रे कार्सन, जूडी चू, सुज़ैन डेलबेने, जोश गॉटहाइमर, टिमोथी कैनेडी, स्टीफन लिंच, डेबोरा रॉस, लतीफा साइमन, टॉम सुओज़ी, मार्क ताकानो, रशीदा त्लाइब और बॉनी वॉटसन कोलमैन शामिल हैं।”

मेंग ने कहा, “ऐसे समय में जब हिंदुओं और दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत बढ़ रही है, दीपावाली को संघीय छुट्टी के रूप में मान्यता देना एक मजबूत संदेश देता है कि हिंदू, साथ ही सिख, जैन और बौद्ध हमारे समाज के महत्वपूर्ण सदस्य हैं।”

यह विधेयक अमेरिकी कानून के टाइटल 5 की धारा 6103(ए) में संशोधन करेगा और कानूनी सार्वजनिक छुट्टियों की सूची में ‘दीवाली डे’ को जोड़ देगा। मेंग की घोषणा के अनुसार, यह देश की 12वीं संघीय छुट्टी बन जाएगी।

मेंग ने कहा, “यहां क्वींस में, मैं खुद देख सकती हूं कि दीपावाली कई परिवारों और समुदायों के लिए कितनी मायने रखती है।”

उन्होंने कहा, “मेरा ‘दीवाली डे एक्ट’ अमेरिकियों को इस दिन के महत्व के बारे में जानने में मदद करेगा। मैं एक ऐसे समावेशी राष्ट्र के निर्माण के लिए काम करना जारी रखूंगी जो यहां रहने वाले लोगों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करता हो।”

सीएपीएसी ने इस प्रस्ताव को धार्मिक डराने-धमकाने और हिंदू तथा दक्षिण एशियाई समुदायों पर होने वाले हमलों से जोड़ा है। अपने बयान में हिंदू पूजा स्थलों पर तोड़फोड़, इलिनोइस में हिंदुओं के एक कार्यक्रम को निशाना बनाकर की गई कथित गोलीबारी की साजिश और हाल ही में वाशिंगटन राज्य में दीपावाली समारोह में डाली गई बाधाओं का जिक्र किया है।

सीएपीएसी का कहना है कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और संघीय अधिकारियों द्वारा इनकी जांच कराई जानी चाहिए। हिंदुओं और दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत बढ़ रही है, हालांकि इस दावे के समर्थन में कोई आंकड़े नहीं दिए गए हैं।

मेंग के कार्यालय ने 17 नागरिक अधिकार, धार्मिक और सामुदायिक संगठनों के समर्थन का भी उल्लेख किया है।

मेंग ने कहा कि संघीय मान्यता मिलने से इन समुदायों को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को मनाने और उन्हें सम्मान देने के अधिक अवसर मिलेंगे। इसके अलावा, उन्होंने ‘लूनर न्यू ईयर’ (चंद्र नव वर्ष) को संघीय अवकाश घोषित करने के लिए भी एक अलग प्रस्ताव पेश किया है।

–आईएएनएस

ओपी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.