हांगकांग : हांगकांग की गलियों में विवादास्पद प्रत्यर्पण विधेयक के खिलाफ लगातार दूसरे रविवार लोगों ने व्यापक प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनों को देखते हुए शहर की प्रभारी नेता ने ‘संघर्ष’ पैदा करने के लिए माफी तो मांग ली लेकिन पद से हटने से इनकार कर दिया।
भयानक उमस भरी गर्मी में बड़ी संख्या में लोगों ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारी इस दौरान ‘बुरे कानून को वापस लेने’ के नारे लगा रहे थे और हांगकांग की मुख्य प्रशासक कैरी लाम के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
कैरी के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने स्वीकार किया है कि उनकी सरकार की कमियां हांगकांग में संघर्ष और विवाद की वजह बनीं और इससे कई नागरिकों निराशा और परेशानी हुई।’
बयान में कहा गया, ‘मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने नागरिकों से माफी मांगी है और आलोचना को पूरी ईमानदारी और विनम्रता के साथ स्वीकार करने का वादा किया है।’
उनका यह बयान इस कानून को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की उनकी घोषणा के एक दिन बाद आया है।


Download Android App
Download iOS App



