वाशिंगटन : अंतरिक्ष की दुर्लभ तस्वीरें लेने में सक्षम हब्बल अंतरिक्ष टेलीस्कोप के सबसे आधुनिक कैमरे में हार्डवेयर से संबंधित खराबी आ जाने से इसके कैमरे ने काम करना बंद कर दिया है, जिससे हब्बल अंतरिक्ष टेलीस्कोप का संचालन बाधित हो गया। नासा ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने एक बयान में कहा कि टेलीस्कोप के सबसे आधुनिक कैमरे ‘वाइड फील्ड कैमरा 3’ में खराबी आ गयी है। हालांकि इसके तीन अन्य उपकरण ठीक हालत में हैं और इनकी मदद से यह वैज्ञानिक अवलोकन करता रहेगा, जबकि ‘वाइड फील्ड कैमरा 3’ की अनियमितता का भी पता लगा लिया गया है। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने 2009 में ‘सर्विसिंग मिशन 4’ के दौरान हब्बल के ‘वाइड फील्ड कैमरा 3’ को लगाया था।
नासा ने बताया कि कैमरे में बैकअप इलेक्ट्रॉनिक्स हैं जिनसे उपकरण को ठीक करने के लिये जरूरी जानकारी हासिल की जा सकती है। हब्बल, अंतरिक्ष में स्थापित ऐसा पहला प्रमुख ऑप्टिकल टेलीस्कोप है जो हमें ब्रह्मांड की निर्बाध तस्वीरें उपलब्ध कराता है। 1990 में भेजे गये दुनिया के पहले अंतरिक्ष टेलीस्कोप से इस सिद्धांत की पुष्टि हुई थी कि ब्रह्मांड विस्तारित हो रहा है, जिससे ‘बिग बैंग’ के सिद्धांत को विश्वसनीयता मिली थी।


Download Android App
Download iOS App



