पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) कमर जावेद बाजवा पर उनकी सरकार के खिलाफ ‘‘दोहरा खेल’’ खेलने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने 2019 में तत्कालीन सेना प्रमुख के कार्यकाल को बढ़ाकर ‘‘बड़ी गलती’’ की थी।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष खान ने एक स्थानीय टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में ये टिप्पणियां कीं। उन्होंने तत्कालीन सेना प्रमुख बाजवा पर भरोसा करने के लिए खेद भी जताया।
खान (70) को इस साल अप्रैल में अविश्वास प्रस्ताव के जरिये सत्ता से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यकीन था कि जनरल बाजवा मुझे हर चीज बताएंगे, क्योंकि हमारे हित एक ही थे कि हमें देश को बचाना था।’’
खान ने यह भी दावा किया कि उन्हें खुफिया ब्यूरो (आईबी) से खबरें मिली थी कि ‘‘उनकी सरकार के खिलाफ क्या खेल खेला जा रहा है।’’
उन्होंने दावा कि तत्कालीन सैन्य प्रतिष्ठान उनकी सरकार को गिराने के लिए पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के सुप्रीमो नवाज शरीफ के संपर्क में था और अक्टूबर 2021 में आईएसआई प्रमुख के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) फैज हमीद को हटाने के बाद उनके खिलाफ साजिश का पर्दाफाश हो गया था।
खान की ये टिप्पणियां तब आई हैं, जब पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कैद-ए-आजम (पीएमएल-क्यू) के मुनिश ईलाही ने एक टीवी साक्षात्कार में कहा कि बाजवा ने उनसे अविश्वास प्रस्ताव पर खान के लिए वोट करने के लिए कहा था।
पूर्व प्रधानमंत्री ने दावा किया, ‘‘जनरल बाजवा दोहरा खेल, खेल रहे थे और मुझे बाद में यह पता चला कि पीटीआई सदस्यों तक को अलग संदेश दिए जा रहे थे।’’
इस बीच, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रविवार को खान पर निशाना साधा कि वह सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, चाहे इसका नतीजा देश की नींव को कमजोर करना ही क्यों न हो।


Download Android App
Download iOS App



