पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान इस महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होने वाली मुलाकात में कश्मीर का मुद्दा उठाएंगे और उनसे इस मामले को हल करने में मदद मांगेंगे। यह जानकारी पाकिस्तान के अधिकारियों ने दी है। एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि 22 जुलाई को वाशिंगटन में दोनों नेताओं के बीच होने वाली मुलाकात के एजेंडे पर काम चल रहा है।
एक अधिकारी ने कहा, “प्रधानमंत्री निश्चित ही अमेरिकी राष्ट्रपति से बातचीत में कश्मीर का मुद्दा उठाएंगे और उनसे आग्रह करेंगे वह इसे सुलझाने में मदद करें।” एक अन्य अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान लगातार प्रयास कर रहा है कि भारत से वार्ता फिर से शुरू हो। इमरान इस सिलसिले में अभी तक इस दिशा में किए गए प्रयासों से राष्ट्रपति को अवगत कराएंगे।
अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप को पाकिस्तान द्वारा क्षेत्रीय शांति के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने कहा, “अफगान तालिबान के साथ जारी अमेरिका के शांति वार्ता के प्रयासों के समर्थन में पाकिस्तान द्वारा उठाए गए कदमों से ट्रंप को अवगत कराया जाएगा। अफगानिस्तान में शांति और स्थायित्व के लिए पाकिस्तान सभी उपाय करने के लिए तैयार है।”


Download Android App
Download iOS App



