असम में बाढ़ के कहर से अब तक लाखों लोग प्रभावित हुए है। लोग अपना घर छोड़ कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात करके उनके राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। असम में इस साल बाढ़ से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग बेघर हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और उन्हें जानकारी दी कि राज्य के 33 में से 31 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। एक अधिकारी ने बताया कि मोदी ने सोनोवाल को वर्तमान स्थिति से निपटने में केन्द्र सरकार की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह को असम की बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी दी थी। अमित शाह ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल तथा अन्य एजेंसियों को निर्देश दिया है कि बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की जाए। असम में बाढ़ की स्थिति रविवार को और खराब हो गई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई और करीब 26.5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि इस राज्य में बरपेटा सबसे प्रभावित जिला है और इसमें 7.35 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



