पाकिस्तान के गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने रविवार को कहा कि पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान की जमानत अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस्लामाबाद में पीटीआई के दूसरे लंबे मार्च से पहले पेशावर उच्च न्यायालय ने 2 जून को इमरान खान को 50,000 रुपये के मुचलके पर तीन सप्ताह की ट्रांजिट जमानत दी थी। पीटीआई अध्यक्ष अगर फिर से इस्लामाबाद जाते हैं, तो उसके मद्देनजर उन्होंने अपनी संभावित गिरफ्तारी के खिलाफ अदालत का रुख किया।
सुरक्षात्मक जमानत की अवधि समाप्त होने पर इमरान को गिरफ्तार करेंगे
रिपोर्ट के अनुसार, ट्विटर पर राणा सनाउल्लाह ने कहा कि इमरान खान पर महासंघ में दंगे, देशद्रोह, अराजकता और सशस्त्र हमलों सहित दो दर्जन से अधिक मामलों में नामजद किया गया है। उन्होंने कहा कि इमरान खान के बानी गाला आवास के बाहर तैनात सुरक्षा अधिकारी अदालत द्वारा दी गई उनकी सुरक्षात्मक जमानत की अवधि समाप्त होने पर उन्हें गिरफ्तार करेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्री ने कहा, “एक लोकतांत्रिक समाज में एक राजनीतिक दल का मुखिया कैसे बन सकता है जो लोगों को उकसाता हो और अपने विरोधियों को देशद्रोही बताते हुए नैतिक और लोकतांत्रिक मूल्यों की पूर्ण अवहेलना करता हो?” मंत्री ने यह भी कहा कि वे इस्लामाबाद में इमरान खान का स्वागत करते हैं और उन्हें कानून के मुताबिक सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है।
शनिवार की देर रात इस्लामाबाद पुलिस ने कहा कि इमरान खान के पेशावर से इस्लामाबाद लौटने की उम्मीद को देखते हुए बानी गाला के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



