भारत और UAE के बीच जल्द हो सकते हैं प्रस्तावित आर्थिक समझौते पर हस्ताक्षर

Summary :

भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते के सभी पहलुओं पर सहमति बन गयी है और इस पर बहुत जल्द हस्ताक्षर हो सकते हैं।

भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के सभी पहलुओं पर सहमति बन गयी है और इस पर बहुत जल्द हस्ताक्षर हो सकते हैं। भारत में यूएई के राजदूत अहमद अलबन्ना ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच जल्द हो सकते हैं समझौते पर हस्ताक्षर
एक विचारक समूह (थिंक-टैंक) को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर होने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
यूएई के राजदूत ने कहा कि दोनों पक्ष समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए अपने नेतृत्व से अंतिम संकेत मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच साझेदारी मजबूत हुई 
अलबन्ना ने कहा कि यूएई भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिए एक प्रतिबद्ध भागीदार के रूप में खड़ा रहेगा और पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच साझेदारी मजबूत हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि नवगठित समूह जिसमें संयुक्त अरब अमीरात, भारत, इजराइल और अमेरिका शामिल हैं, अब्राहम समझौते और त्रिपक्षीय संयुक्त अरब अमीरात-भारत-इजराइल सहयोग का ही परिणाम है।

Shera Rajput