भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अफगानिस्तान में शांति, विकास और पुनर्निमाण के प्रति अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के तहत वहां विभिन्न हितधारकों के संपर्क में है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि भारत अफगानिस्तान में सभी जातीय समूहों के संपर्क में है वहां शांति की सभी पहलों को समर्थन करता है।
बागची ने कहा, ”अफगानिस्तान के साथ हमारे संबंध ऐतिहासिक और बहुआयामी हैं। हम अफगानिस्तान के सभी जातीय समूहों के संपर्क में हैं। पड़ोसी मित्र होने के नाते हम अफगानिस्तान और क्षेत्र में शांति को लेकर फिक्रमंद हैं।”
प्रवक्ता से मीडिया में आई एक खबर के बारे में पूछा गया था कि भारत ने तालिबान के कुछ धड़ों से बात की है, जिन्हें पाकिस्तान और ईरान के प्रभाव के दायरे से बाहर माना जाता है। बागची ने कहा कि वह खबर पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, ”हम सभी शांति पहलों को समर्थन करते हैं और क्षेत्रीय देशों समेत विभिन्न हितधारकों के संपर्क में हैं।”


Download Android App
Download iOS App



