इंडोनेशिया के लायन एयर विमान हादसे में मारे गए लोगों के शवों और मलबे की तलाश कर रहे एक इंडोनेशियाई गोताखोर की मौत हो गई। विमान दुर्घटना में सभी 189 लोगों की मौत हो गई थी।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि सायचरुल एंटो (48) उस टीम का हिस्सा थे जो जावा समुद्र में शवों और मलबे की तलाश कर रही थी। उनकी शुक्रवार को मौत हो गई।
इंडोनेशियाई नौसेना के जांच एवं बचाव डिवीजन के कमांडर इस्सवार्तो ने कहा, ‘‘वह जांच एवं बचाव एजेंसी के स्वयंसेवक थे।’’ उन्होंने कहा कि ऐसा समझा जाता है कि कम दबाव के चलते उनकी मौत हो गई।
इंडोनेशिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान की खोज जारी, 24 बैगों में मृतकों के शरीर के टुकड़े
राष्ट्रीय बचाव एवं राहत एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद सायुगी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘एसएआर की टीम ने उन्हें बेहोश पाया। होश आने के बाद हमारे चिकित्सकों ने उनका इलाज किया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।’’
एंटो ने पहले पालू में भी सेवाएं दी थीं जहां पर सितंबर में भूकंप और सुनामी आई। उन्होंने करीब चार साल पहले एयर एशिया की विमान दुर्घटना में बचाव अभियान में भी भाग लिया था।
लायन एयर का विमान सुमात्रा द्वीप पर जकार्ता से पंगकल पिनांग शहर जाने के रास्ते में सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।


Download Android App
Download iOS App



