ईरानी विदेश मंत्री अराघची की रूस यात्रा, पुतिन से करेंगे मुलाकात

Summary :

ईरानी विदेश मंत्री की रूस यात्रा से तनाव कम होने की उम्मीद

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी हमले के बाद रूस का दौरा करने की घोषणा की है। वे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच मौजूदा स्थिति पर गहन विचार-विमर्श करेंगे। उम्मीद है कि यह बैठक क्षेत्रीय स्थिरता में सहायक होगी।

रविवार को अमेरिका द्वारा ईरानी परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि वे रूस दौरे पर जाएंगे। ईरानी विदेश मंत्री की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मौजूदा स्थिति पर गंभीर विचार-विमर्श की संभावना है। मेहर न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, “इस्तांबुल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ईरान के शीर्ष राजनयिक ने रूसी नेतृत्व के साथ गंभीर विचार विमर्श के लिए सोमवार को मास्को का दौरा करने की जानकारी दी।” उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति के साथ बैठक करना उनकी यात्रा की योजनाओं में से एक है।

रूस में ईरान के राजदूत काजेम जलाली ने भी ईरानी विदेश मंत्री के मास्को दौरे की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि तेहरान और मास्को ने हमेशा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय विकास पर उच्च परामर्श के स्तर को बनाए रखा है। उम्मीद है कि ईरान और रूस के बीच वार्ता मौजूदा स्थिति को स्थिर करने में मददगार और रचनात्मक साबित होगी।

अमेरिका ने रविवार की सुबह ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर हमला किया था। रूस ने अमेरिका के इस हमले की कड़ी निंदा की थी। रूस के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में अमेरिकी हमले को गैर-जिम्मेदार बताया था। साथ ही कहा था कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एक स्थायी सदस्य द्वारा किया गया यह हमला न सिर्फ घोर निंदनीय है, बल्कि यह क्षेत्रीय अस्थिरता को भी बढ़ावा देगा। यह परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) व्यवस्था के लिए एक बड़ा झटका है।

Iran vs Israel : ईरान-इजराइल युद्ध और भयानक हुआ, नागरिक इलाकों में तबाही, दोनों देशों में दहशत

रूस के विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को भी कड़ा रुख अपनाना चाहिए और संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल की ओर से की गई टकरावपूर्ण और अस्थिर करने वाली कार्रवाइयों को सामूहिक रूप से खारिज किया जाना चाहिए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.