इस्लामिक स्टेट ने ली श्रीलंका में ईस्टर के दिन हुए धमाकों की जिम्मेदारी

Summary :

रुवान विजेवर्देने ने संसद में विशेष उल्लेख के दौरान कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार समूह अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन जेएमआई से संबद्ध है।

श्रीलंका में रविवार को ईस्टर के दिन हुए हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (IS) ने ली है। हमले में अब तक 10 भारतीयों सहित 310 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 500 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि ये हमले न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च की मस्जिदों में मुसलमानों पर हुए हमले का बदला लेने के लिए किये गये थे रक्षा मंत्री रुवान विजेवर्देने ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

शुरूआती जानकारी में रुवान विजेवर्देने ने संसद में विशेष उल्लेख के दौरान कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार समूह अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन जेएमआई से संबद्ध है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से खुलासा हुआ है कि आतंकवादियों ने न्यूजीलैंड में क्राइस्टचर्च की मस्जिदों में नमाज के वक्त मुसलमानों पर किये गये हमले का बदला लेने के लिए श्रीलंका में गिरजाघरों और लक्जरी होटलों को निशाना बनाया।

Sri Lanka blast

उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित करने के मकसद से हमले के लिए ईस्टर का दिन चुना। रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार को इस तरह के संगठनों पर प्रतिबंध लगाने के लिए तत्काल कदम उठाने के साथ यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। हमलावरों की संपत्ति जब्त करने के लिए भी कदम उठाये जाने चाहिए।

गौरतलब है कि श्रीलंका में गिरजाघरों और लक्जरी होटलों को निशाना बनाकर किये गये अब तक के सबसे बड़े आतंकवादी हमले में 321 लोग मारे गये और 500 से अधिक लोग घायल हो गये।

Desk Team