यरूशलम में बुधवार को दो बस स्टॉप के पास हुए धमाकों ने इजराइल को हिला कर रख दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कम से कम 14 अन्य बुरी तरह घायल हो गए। इजराइली पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने धमाके के पीछे फलस्तीनियों का हाथ होने की आशंका जताई।पुलिस के मुताबिक, पहला धमाका शहर के अंतिम छोर पर स्थित एक बस स्टॉप के पास हुआ, जहां बसों के इंतजार में रोजाना बड़ी संख्या में यात्री जमा होते हैं।उन्होंने बताया कि दूसरा धमाका यरूशलम के उत्तर में स्थित रामोत के एक बस स्टॉप के पास हुआ।
इजराइल और फलस्तीन के बीच बढ़ा तनाव
पुलिस के अनुसार, धमाकों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, इजराइल की राष्ट्रीय आपदा एवं बचाव सेवा ‘मेगन डेविड एडम’ ने कहा कि धमाकों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।ये धमाके ऐसे समय में हुए हैं, जब इजराइलियों के खिलाफ किए गए जानलेवा हमलों में 19 लोगों की मौत के बाद इजराइली बलों द्वारा वेस्ट बैंक में महीनों से की जा रही छापेमारी से इजराइल और फलस्तीन के बीच तनाव काफी बढ़ गया है।हाल के हफ्तों में फलस्तीन की तरफ से हमलों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।ये धमाके ऐसे समय में भी हुए हैं, जब इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू चुनावों के बाद सरकार गठन के लिए गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा करने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि वह इजराइल की सबसे कट्टर दक्षिणपंथी सरकार बनाने के बेहद करीब हैं।
हर तरफ विनाश का मंजर
पुलिस के मुताबिक, उनकी प्रारंभिक जांच दिखाती है कि विस्फोटकों को दो जगहों पर रखा गया था।उन्होंने बताया कि धमाके यातायात के लिहाज से व्यस्त समय में हुए, जिसके कारण पुलिस को शहर के बाहर जाने वाले एक मुख्य राजमार्ग के कुछ हिस्से को बंद करना पड़ा।पहले धमाके के बाद सामने आए वीडियो में दोनों घटनास्थल पर बड़ी संख्या में एम्बुलेंस को पहुंचते और सड़क किनारे पड़े मलबे को देखा जा सकता है।घटनास्थल पर मौजूद चिकित्सा कर्मी योसेफ हैम गाबेय ने ‘आर्मी रेडियो’ को बताया कि ‘यहां हर तरफ विनाश का मंजर है’ और कुछ घायलों के शरीर से बहुत ज्यादा खून बह रहा है।


Download Android App
Download iOS App



