इजराइल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को नयी सरकार बनाने के लिए आधिकारिक तौर पर आमंत्रित किया।राष्ट्रपति कार्यालय के एक बयान में कहा गया है कि नेसेट (इजराइल की संसद) के 64 सदस्यों का समर्थन हासिल करने वाले 73 वर्षीय नेतन्याहू को अगली सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रपति हर्जोग ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह नेतन्याहू को उन सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ परामर्श के बाद एक नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे, जो एक नवंबर को हुए चुनावों में 25वीं नेसेट के लिए निर्वाचित हुए हैं।पिछले बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष से औपचारिक रूप से चुनाव के परिणाम प्राप्त करने के तुरंत बाद इजराइल के राष्ट्रपति ने राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ चर्चा शुरू कर दी। नेतन्याहू के पास सरकार बनाने के लिए 28 दिन का समय होगा। यदि समय बढ़ाने की जरूरत होती है, तो राष्ट्रपति के पास चौदह अतिरिक्त दिन तक का समय देने का कानूनी अधिकार है।
नेतन्याहू पर लगे थे रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी के आरोप
नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के अलावा उन्हें शास, यूनाइटेड टोराह जूडयिज्म , रिलिजिअस जियोनिज्म, जूइश पावर और नोआम समेत दक्षिणपंथी गठबंधन का समर्थन मिला है। नेतन्याहू की सत्तारूढ़ लिकुड पार्टी ने संसद में 32 सीट जीती, जबकि निवर्तमान प्रधानमंत्री याइर लापिद की येश अतीद को 24 सीट मिली।नेतन्याहू के अन्य संभावित गठबंधन सहयोगियों शास और यूनाइटेड टोराह जूडयिज्म ने क्रमशः 11 और सात सीट जीतीं, जिससे गठबंधन के कुल सांसदों की संख्या 64 हो गई है। देश में चार साल से भी कम समय में कराया गया यह पांचवां चुनाव था। राजनीतिक गतिरोध 2019 में शुरु हुआ था, जब नेतन्याहू पर रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी और विश्वासभंग के आरोप लगाए गए थे, जिसका उन्होंने खंडन किया था।


Download Android App
Download iOS App


