इजराइल के साथ 11 दिन तक चली लड़ाई के बाद हमास के लड़ाकों ने शनिवार को गाजा सिटी में राइफलें लहराकर शक्ति प्रदर्शन किया और समूह का शीर्ष नेता पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आया। शनिवार पूर्ण रूप से संघर्ष विराम का पहला दिन था। इस दौरान मिस्र के वार्ताकारों ने संघर्ष विराम को टिकाऊ बनाने के लिये वार्ताएं कीं।
ग्यारह दिन की लड़ाई के दौरान इजराइल ने गाजा में हमास के सैकड़ों ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किये तो हमास तथा अन्य उग्रवादी समूहों ने इजराइल की ओर चार हजार से अधिक रॉकेट दागे। इस दौरान 250 से अधिक लोगों की मौत हुई, जिनमें ज्यादातर फलस्तीनी थे। इजराइल और हमास दोनों अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
शनिवार को सेना की वर्दी पहने हमास के सैंकड़ों लड़ाकों ने परेड निकाली और लड़ाई के दौरान अपने वरिष्ठ कमांडर बासिम ईसा की मौत पर शोक व्यक्त किया। गाजा में हमास का शीर्ष नेता याहया सिनवार लड़ाई शुरू होने के बाद से पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आया।गौरतलब है कि गाजा पट्टी (फलस्तीन) और इजराइल के बीच 11 दिनों तक हुए संघर्ष और 250 से अधिक लोगों की मौत के बाद शुक्रवार को संघर्ष विराम प्रभावी हुआ।
संयुक्त राष्ट्र ने बताया कि 10 मई से अबतक 53 शिक्षण संस्थानों, छह अस्पतालों और 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को नुकसान पहुंचा है। इनमें से एक स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। संयुक्त राष्ट्र ने बताया कि एक अस्पताल में बिजली की कमी की वजह से इलाज नहीं हो रहा है जबकि इस संघर्ष से करीब छह लाख बच्चे प्रभावित हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



