दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में शनिवार को भूस्खलन के कारण 10 घर ध्वस्त हो गए और 30 से अधिक लोग लापता हो गए। इसके बाद लगभग 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन सुबह 11:50 बजे जिनपिंग गांव में हुआ। यह गांव यिबिन शहर के जुनलियन काउंटी में स्थित है। प्रांत में शनिवार को दोपहर 3:30 बजे I भूवैज्ञानिक आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया, (उच्चतम स्तर की), शुरू की गई।
आपातकालीन बचाव, अग्नि, सार्वजनिक सुरक्षा, परिवहन, चिकित्सा, दूरसंचार, बिजली और अन्य बल बचाव प्रयासों को अंजाम देने या सहायता करने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, दोपहर में दो लोगों को बचा लिया गया। भूस्खलन के बाद, मंत्रालय के अधिकारियों ने बचाव कार्यों का मार्गदर्शन करने के लिए एक टीम को घटनास्थल पर भेजा।
स्थानीय अधिकारियों को स्थिति का तुरंत आकलन करने, पेशेवर बचाव संसाधनों और उपकरणों को जुटाने और बचाव प्रयासों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साइट पर निगरानी और नियंत्रण बढ़ाने का निर्देश दिया गया। मंत्रालय ने मौके पर बचाव अभियान चलाने के लिए 400 से अधिक कर्मियों, 100 वाहनों और 75 उपकरणों को तैनात किया। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सभी तरह के खोज और बचाव प्रयासों का आदेश दिया ताकि कम से कम नुकसान हो। चीन में चार-स्तरीय आपातकालीन आपदा राहत प्रतिक्रिया प्रणाली है, जिसमें ‘स्तर IV’ सबसे निचला स्तर है और ‘स्तर I’ सबसे ऊंचा है।


Download Android App
Download iOS App



