अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सोमवार को शुरू हुआ। न्यूयॉर्क में एक स्वास्थ्य केंद्र की गहन चिकित्सा इकाई में तैनात एक नर्स को कोविड-19 से रोकथाम के लिए टीके की पहली खुराक दी गयी।
अमेरिका में कोरोना वायरस से अब तक तीन लाख लोगों की मौत हो चुकी है और संक्रमण के 1.6 करोड़ ज्यादा मामले आए हैं ।
न्यूयॉर्क सिटी में एक नर्स को सोमवार सुबह फाइजर-बायोएनटेक की पहली खुराक दी गयी। न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड जेविश मेडिकल सेंटर में गहन चिकित्सा इकाई की नर्स सैंड्रा लिंडसे ने कहा, ‘‘आज मुझे उम्मीद नजर आ रही है।’’ राज्य के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने लाइवस्ट्रीम से टीकाकरण अभियान पर नजर बनाए रखी।
नर्स को टीके की खुराक दिए जाने के पहले गवर्नर ने कहा, ‘‘यह आज के समय की लड़ाई है। टीका एक औजार है जो युद्ध को खत्म करेगा। किताब का अंतिम अध्याय शुरू होने वाला है।’’ नर्स को टीके की खुराक दिए जाने के बाद क्यूमो ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया ।
नर्स लिंडसे ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि हमारे इतिहास का सबसे दुखद समय अब खत्म होने वाला है।’’ उन्होंने कहा कि वह लोगों को विश्वास दिलाना चाहती हैं कि टीका सुरक्षित है।
दवा कंपनी फाइजर और जर्मनी की उसकी सहायक कंपनी बायोएनटेक द्वारा विकसित कोविड-19 का टीका स्वास्थ्यकर्मियों को दिया जाना आरंभ हो गया है।
फाइजर के सीईओ अल्बर्ट बौरला ने कहा कि टीका लेने वाले पहले कुछ लोगों में वह भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘अगर टीका बनाने वाली कंपनी का सीईओ इसे लेगा तो लोगों का टीका में भरोसा बढ़ेगा।’’
मिशिगन में फाइजर के निर्माण संयंत्र से रविवार को कोविड-19 टीके की पहली खेप लेकर एक ट्रक निकला था। अमेरिकी औषधि नियामक (एफडीए) ने टीका के आपात इस्तेमाल के लिए शुक्रवार को मंजूरी दे दी थी। अगले सप्ताह तक कुल 636 अस्पतालों और क्लीनिकों में टीके की खुराक पहुंचायी जाएगी।
विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि आगे छुट्टियों की शुरुआत होने पर महामारी का खतरा और ज्यादा बढ़ सकता है। फाइजर के टीके की दो खुराक दी जाएगी। पहली खुराक के 21 दिन बाद दूसरी खुराक दी जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



