त्रिपोली: मैनचेस्टर में गायिका एरियाना ग्रैंडे के कार्यक्रम में हुए आत्मघाती बम विस्फोट की जांच में जुटी पुलिस ने हमले को अंजाम देने वाले हमलावर सलमान आबदी के पिता रमादान आबदी को हिरासत में लिया है। हमलावर सलमान आबदी के पिता रमादान आबदी को त्रिपोली के आतंकवाद निरोधक बल ने हिरासत में लिया है।
रमादान आबदी ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही सलमान से फोन पर बात की थी। रमादान आबदी के अनुसार सब कुछ सामान्य था। फोन पर सलमान ने परिवार से कहा था कि वह मक्का की तीर्थ यात्रा पर जा रहा है।
ब्रिटेन में पुलिस मैनचेस्टर एरेना धमाके के पीछे के संदिग्ध नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है। इसी सिलसिले में पुलिस ने सातवें व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वॉरविकशायर के न्यूनिएटन में तलाशी के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात को मैनचेस्टर एरेना में अमेरिकी पॉप स्टार एरियाना ग्रैंडे के एक कार्यक्रम के बाद संभवत: 22 साल के सलमान रमादान आबदी ने खुद को बम से उड़ा लिया था जिसमें अब तक 22 लोगों की जान जा चुकी है और लगभग 60 लोग घायल हो गए हैं।
ब्रिटेन की पुलिस के अनुसार आतंकवादी हमले का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए ब्रिटेन के महत्वपूर्ण इलाकों में अतिरिक्त सैनिकों को तैनात किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App





