दक्षिणी जापान में गायों को लेकर जा रहा एक जहाज बुधवार को लापता हो गया जिसकी तलाश जपानी राहत दल कर रहा है। इस जहाज पर चालक दल के 42 सदस्य सवार थे और इसके लापता होने से पहले खराब मौसम के बीच जहाज ने संकट में होने का संदेश भेजा था।
तट रक्षक अधिकारियों ने बताया कि तट रक्षकों ने बुधवार की देर रात चालक दल के एक सदस्य को पानी में से बचा लिया था। उन्होंने बताया कि फिलीपीन का रहने वाला चालक दल का यह सदस्य चलने में सक्षम है और उसका स्वास्थ्य ठीक है। उन्होंने बताया कि इससे पहले जापानी नौसेना के पी-3सी निगरानी विमान ने पाया कि जीवन रक्षक जैकेट पहने एक व्यक्ति पानी में अपनी जान बचाने के लिए मशक्कत कर रहा है।
गल्फ लाइवस्टॉक-1 जहाज ने बुधवार को तड़के संकट संदेश भेजा था। 11,947 टन वजन वाला यह जहाज 5,800 गायों को लेकर पूर्वी चीन सागर में अमामी ओशिमा के तट के नजदीक से गुजर रहा था। संकट में होने का संदेश क्यों भेजा गया था, इसका पता तुरंत नहीं चल पाया है लेकिन इलाके में मेसक टाइफून के कारण मौसम खराब था। जहाज में सवार चालक दल के अन्य सदस्यों में 38 फिलीपीन के, दो न्यूजीलैंड के और एक आस्ट्रेलिया का नागरिक है।


Download Android App
Download iOS App



