कंजर्वेटिव पार्टी के नेता किरियाकोस मित्सोताकिस ने सोमवार को यूनान के नये प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। वामपंथी नेता एलेक्सिस सिप्रास पर अपनी शानदार जीत के एक दिन बाद मित्सोताकिस (51) ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ आधिकारिक शपथ ग्रहण समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे।
शपथ ग्रहण के बाद वह पद संभालने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय गये और उम्मीद है कि वह दिन के दौरान मंत्रिमंडल के सदस्यों के नामों को तय करेंगे।
मित्सोताकिस की ‘न्यू डेमोक्रेसी पार्टी’ ने 39.8 प्रतिशत वोट हासिल किये। उनकी पार्टी ने 300-सदस्यीय संसद में 158 सीटों पर जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। एलेक्सिस सिप्रास की वामपंथी सीरीजा पार्टी को 31.5 प्रतिशत मत मिले।
मित्सोताकिस ने रविवार की रात अपने विजयी भाषण में कहा था, ‘‘मैं राष्ट्रीय जिम्मेदारी की पूरी भावना के साथ देश के शासन को ग्रहण करता हूं।’’


Download Android App
Download iOS App



