एलन मस्क ने शुक्रवार को कहा कि ट्विटर अपनी प्रीमियम सेवा को अगले सप्ताह से फिर से शुरू करने की योजना बना रहा है।
इस सेवा के तहत सोशल मीडिया मंच पर उपयोगकर्ताओं को अलग-अलग रंगों के ‘टिक’ की पेशकश की जायेगी।
टेस्ला के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के पिछले महीने 44 अरब डॉलर में खरीदने के बाद सोशल मीडिया मंच में यह नया बदलाव है।
यह पेशकश मस्क के निलंबित खातों को फिर से शुरू करने की घोषणा के एक दिन बाद की गई है। ट्विटर ने पहले अपनी इस प्रीमियम सेवा को निलंबित कर दिया था।
मूल रूप से सरकारी संस्थाओं, निगमों, मशहूर हस्तियों और मंच द्वारा सत्यापित पत्रकारों के नाम से फर्जी खातों को रोकने के लिए ‘ब्लू-टिक’ दिया जाता था।
मस्क ने शुक्रवार को कहा कि नयी पेशकश के तहत कंपनियों को ‘गोल्ड-टिक’, सरकारी खातों को ‘ग्रे’ और सेवा के लिए भुगतान करने वाले व्यक्ति, चाहे वे कोई हस्ती हों या नहीं, उन्हें ‘ब्लू-टिक’ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह पेशकश शुरू होने से पहले सभी सत्यापित खातों को प्रमाणित किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



